वाइट हाउस का कहना है कि ईरान और विश्व की बड़ी शक्तियों के मध्य परमाणु वार्ता की 7 जूलाई की डेडलाइन “फिसल„ सकती है।
याद रहे इस से पहले जून के अंत तक परमाणु वार्ता के लिए समय सीमा निर्धारित की गयी थी किंतु इस दौरान परमाणु सहमति तक न पहुंच पाने की वजह से समय सीमा एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी गयी थी किंत अब वाइट हाउस के प्रवक्ता जोश एर्नेस्ट ने सोमवार को कहा है कि वार्ता की समय सीमा में अधिक वृद्धि की बहुत संभावना है। वाइट हाउस के प्रवक्ता ने यह नहीं बताया कि वार्ता की समय सीमा में कितनी वृद्धि हो सकती है। वाइट हाउस के प्रवक्ता ने कहा कि सात जूलाई फिलहाल डेडलाइन है और हम उसे ध्यान में रखकर वार्ता कर रहे हैं और वार्ता पूरी गंभीरता और तेज़ी के साथ इस समय भी जारी है। पिछले सप्ताह अमरीकी विदेशमंत्री जॉन कैरी ने कहा था कि व्यापक परमाणु समझौते तक पहुंचने के लिए वार्ता में व्यस्त वार्ताकारों की डेडलाइन के बारे में अपनी समझ है। ईरानी विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ ने सघन परमाणु वार्ता के दौरान ही अमरीका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी , रूस और चीन के विदेशमंत्रियों तथा यूरोपीय संघ की विदेश नीति निदेशक फेड्रिका मोगरिनी से भेंट वार्ता की।
यह वार्ता, ईरान पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को समाप्त करने के लिए हो रही है जिसके बदले ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम के बारे में कुछ प्रतिबद्धताओं का पालन करेगा।